गंभीर चोट के बावजूद पीड़िता की FIR नहीं की दर्ज, सीबीगंज इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। जनसुनवाई में लापरवाही और पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई न करना सीबीगंज थाने के तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। सिर में गंभीर चोट होने के बावजूद पीड़िता की एफआईआर दर्ज न करने और शिकायत को नजरअंदाज करने के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने 27 अक्टूबर को थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से निर्देश दिए जाने के बावजूद पीड़िता के सिर में गंभीर चोट होने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामले में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और जनसुनवाई के प्रति उदासीनता सामने आने पर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया।

दरअसल, एसएसपी अनुराग आर्य ने 28 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की थी। इस दौरान सभी संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जनसुनवाई को गंभीरता से लेने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद सीबीगंज थाने में पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई न होना अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी माना गया।

इस मामले में एसएसपी ने सीबीगंज थानाध्यक्ष उप निरीक्षक विनोद सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और उप निरीक्षक अश्वनी शर्मा को निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनशिकायतों की अनदेखी और कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुनील सक्सेना बरेली.

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें