Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीआईजी के निर्देशन मे आईजीआरएस रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र प्रदेश में अव्वल,

बरेली। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में बरेली पुलिस परिक्षेत्र ने प्रदेशभर में बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस (जनसुनवाई समाधान प्रणाली) रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र उत्तर प्रदेश में अव्वल रहा। खास बात यह है कि परिक्षेत्र के बदायूं जिले ने भी प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि चारों जिलों के कुल 64 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश की शीर्ष रैंकिंग हासिल कर पुलिस महकमे का मान बढ़ाया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी के निर्देशन में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की लगातार समीक्षा और निगरानी की जा रही थी। शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया। इसी का परिणाम रहा कि अक्टूबर की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में बरेली परिक्षेत्र को पहला स्थान मिला।
रैंकिंग में बरेली जिले के 25 थाने शामिल हैं। इनमें अलीगंज, महिला थाना, सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमी, किला, सीबीगंज, शाही, बारादरी, इज्जतनगर, देवरनियां, क्योलड़िया, भुता, हाफिजगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, नवाबगंज, आंवला, भमौरा, शीशगढ़, प्रेमनगर, कोतवाली, सिरौली, बिथरी चैनपुर और कैंट शामिल हैं।
इसी तरह बदायूं के 15 थानों, पीलीभीत के 12 और शाहजहांपुर के 12 थानों ने भी संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस तरह बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के कुल 64 थानों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले परिक्षेत्र कार्यालय के आईजीआरएस कर्मियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। उपनिरीक्षक शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, डीआईजी ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों और थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कामकाज की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे।

रिपोर्ट -सुनील सक्सेना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें