पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पीलीभीत के बीसलपुर तहसील क्षेत्र स्थित नूरानपुर गांव पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे उनका हेलीकॉप्टर शिव मंदिर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। गोरक्षपीठ से जुड़े शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री का साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। साधु-संतों की मौजूदगी और धार्मिक आयोजनों के बीच मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल नजर आया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह रहा।
श्रीराम कथा के समापन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
नूरानपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े शिव मंदिर परिसर में कई दिनों से श्रीराम कथा का आयोजन चल रहा था। मंगलवार को कथा के समापन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से साधु-संत और श्रद्धालु पहुंचे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर परिसर से लेकर हेलीपैड तक प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त रखीं।
नौ जिलों की पुलिस के हवाले रही सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं। पीलीभीत समेत नौ जिलों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में करीब 1600 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई। सुरक्षा की कमान चार अपर पुलिस अधीक्षकों और 16 डिप्टी एसपी के हाथों में रही।
इसके अलावा 42 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 38 महिला उपनिरीक्षक, 707 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 124 महिला कांस्टेबल और 65 यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। हेलीपैड से मंदिर परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं। मुख्यमंत्री के आगमन के चलते नूरानपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर हलचल बनी रही।









